सुलतानपुरः ग्राम गोपालपुर में 5 वर्ष से नहीं बनी नाली, बारिश में सड़क बन रही जर्जर
May 19, 2026
सुल्तानपुर। जनपद सुल्तानपुर के अखंड नगर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम गोपालपुर में विकास कार्यों की बदहाली एक बार फिर सामने आई है। यहां सड़क के किनारे बसे घरों के सामने 5 वर्ष बीत जाने के बावजूद नाली निर्माण का काम शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीणों के अनुसार, उमाकांत के घर से लेकर रमाकांत के घर तक नाली बनना बेहद जरूरी है। हर बारिश के मौसम में पूरा इलाका कीचड़ से भर जाता है। गंदा कीचड़ सड़क पर बहने लगता है, जिससे हाल ही में बनी पक्की सड़क तेजी से जर्जर हो रही है। इस सड़क से कई आस-पास के ग्रामीण क्षेत्र जुड़े हुए हैं, इसलिए इसकी स्थिति खराब होने से पूरे इलाके के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जिला प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से तुरंत नाली निर्माण का काम शुरू करने की मांग की है, ताकि बारिश के मौसम में सड़क और लोगों को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।

