जयसिंहपुर/ सुल्तानपुर । बरौंसा बाजार में मंगलवार को नवागत कोतवाल विवेक कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पैदल मार्च कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान बरौंसा चैकी प्रभारी गुलाब चंद्र पाल, सिपाहियों और रिक्रूट आरक्षियों के साथ बाजार के चारों प्रमुख मार्गों पर भ्रमण किया गया। पुलिस टीम ने बाजार, मुख्य चैराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का एहसास कराया। वहीं व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील भी की गई।
कोतवाल विवेक कुमार राय ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से पैदल मार्च किया गया। उन्होंने कहा कि बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की सतर्क निगरानी लगातार जारी रहेगी। साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था का भी निरीक्षण किया तथा लोगों से सड़क पर अतिक्रमण न करने और नियमों का पालन करने की अपील की। इस मौके पर सिपाही राहुल शर्मा, अभिनीस पाल समेत कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

