Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीतः विद्या मंदिर में प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच, उल्लास के साथ शुरू हुआ समर कैंप! योग, खेल, संगीत, कला और व्यक्तित्व विकास की गतिविधियों से विद्यार्थियों का होगा सर्वांगीण विकास


पीलीभीत। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनकी रचनात्मक प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से चिरौजी लाल वीरेंद्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय में आयोजित समर कैंप का शुभारम्भ गुरुवार  को उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। शिविर के पहले ही दिन विद्यालय परिसर विद्यार्थियों की ऊर्जा, उमंग और रचनात्मक गतिविधियों से गुलजार नजर आया। यह समर कैंप 21 मई से 28 मई 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 7रू30 बजे से 11रू15 बजे तक संचालित किया जाएगा, जिसमें छात्र-छात्राओं को विभिन्न रचनात्मक, शैक्षिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वन्दना के साथ किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न गतिविधियों में भाग लेना शुरू किया। विद्यालय प्रशासन द्वारा समर कैंप को विद्यार्थियों के लिए सीखने, मनोरंजन और आत्मविकास का समग्र मंच बनाने का प्रयास किया गया है।

समर कैंप के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए योगाभ्यास, खेलकूद प्रतियोगिताएं, कला एवं शिल्प, संगीत, नृत्य, भाषण कला, सामान्य ज्ञान, रचनात्मक लेखन तथा व्यक्तित्व विकास जैसी विविध गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान किया जाएगा। शिविर में बच्चों को अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष कुमार ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि समर कैंप केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के मानसिक, शारीरिक और नैतिक विकास का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास की भी आवश्यकता है। इस प्रकार के शिविर बच्चों के व्यक्तित्व को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से प्रत्येक गतिविधि में पूरी लगन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ भाग लेने का आह्वान किया।

समर कैंप के संयोजक संजीव गोस्वामी ने कहा कि यह शिविर विद्यार्थियों के लिए सीखने और आनंद का अद्भुत संगम साबित होगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के भीतर छिपी रचनात्मक क्षमता को बाहर लाने के लिए इस प्रकार की गतिविधियां अत्यंत आवश्यक हैं। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों में सहयोग, सामाजिक समरसता और टीम भावना का विकास होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करते हुए नई-नई विधाओं को सीखने और अपने कौशल को निखारने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सह संयोजक श्वेतांक मिश्रा, मनोज मिश्रा, लोकेश सिंह, पुनीत गुप्ता, मनुकृष्ण, चाँदगीराम वर्मा, संतोष तिवारी, दुर्गेश अवस्थी, निर्मल शर्मा, दिनेश वर्मा, धीरेन्द्र त्रिपाठी, पूनम मिश्रा, मंजू यादव और आरती शर्मा सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि यह समर कैंप विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |