रुद्रपुर। मुख्य बाजार स्थित मटके वाली गली में रेड चीफ सहित कुल चार दुकानों में हुई चोरी की घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित व्यापारियों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली।
विधायक शिव अरोरा ने दूरभाष पर एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी से वार्ता करते हुए कहा कि शहर के बीचों-बीच इस प्रकार की चोरी की घटना से व्यापारियों में गहरा रोष और भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि चोर वारदात को अंजाम देने के बाद रोडवेज की ओर जाते दिखाई दिए हैं, ऐसे में जल्द से जल्द उनकी धरपकड़ होनी चाहिए और चोरी की घटना का खुलासा किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी होगी, ताकि अपराधियों में भय पैदा हो और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देने से पहले गिरोह कई बार सोचें।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मामले के खुलासे के लिए जितनी भी पुलिस टीमें लगानी पड़ें, लगाई जाएं। आवश्यकता पड़ने पर एसटीएफ का गठन कर मामले की गहन जांच कर जल्द से जल्द चोरी का खुलासा किया जाए।
विधायक ने पीड़ित व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कराया जाएगा। इस दौरान एसएसआई अनिल कुमार, व्यापार मंडल महामंत्री मनोज छाबड़ा, कोषाध्यक्ष संदीप राव, मनोज मदान, वरुण सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

