पीलीभीत। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद स्थित रुद्रपुर से पीलीभीत का एक युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। युवक के अचानक गायब हो जाने से परिवार में हड़कंप मचा हुआ है। छह दिन बीत जाने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग सका है, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। परिवार किसी अनहोनी की आशंका से डरा हुआ है और पुलिस प्रशासन से युवक की जल्द से जल्द तलाश कराने की मांग कर रहा है।जानकारी के अनुसार थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम गौनेरा निवासी रामेश्वर दयाल का 27 वर्षीय पुत्र सौरभ चैहान उत्तराखंड के रुद्रपुर में रहकर मेहनत-मजदूरी का कार्य करता था। परिजनों के मुताबिक 23 मई 2026 की सुबह करीब सात बजे सौरभ ने अपने पिता को फोन कर बताया था कि वह बरेली जनपद के देशनगर गांव स्थित अपने एक रिश्तेदार के यहां जा रहा है। बातचीत के दौरान सब कुछ सामान्य था, लेकिन इसके कुछ ही समय बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।शुरुआत में परिजनों ने सोचा कि किसी कारणवश नेटवर्क की समस्या होगी या वह काम में व्यस्त होगा, लेकिन जब कई घंटे बीत जाने के बाद भी संपर्क नहीं हो सका तो परिवार की चिंता बढ़ने लगी। इसके बाद सौरभ के पिता ने देशनगर स्थित रिश्तेदारों से संपर्क किया। वहां से पता चला कि सौरभ उनके यहां पहुंचा ही नहीं था। यह जानकारी मिलने के बाद परिवार की बेचैनी और बढ़ गई।
परिजनों ने अपने स्तर से सौरभ की तलाश शुरू कर दी। रुद्रपुर, बरेली, पीलीभीत समेत आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले रिश्तेदारों, परिचितों और दोस्तों से संपर्क किया गया। संभावित स्थानों पर भी खोजबीन की गई, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। लगातार कई दिनों तक प्रयास करने के बावजूद सफलता न मिलने पर परिजन पुलिस की शरण में पहुंचे। लापता युवक के पिता रामेश्वर दयाल ने थाना रम्पुरा, जनपद उधम सिंह नगर में लिखित प्रार्थना पत्र देकर बेटे की तलाश कराने की मांग की है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र 23 मई से लापता है और उसके संबंध में किसी प्रकार की जानकारी नहीं मिल रही है। परिवार बेहद परेशान है और युवक की सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगा रहा है।
युवक की तलाश तेज करने के लिए परिजनों ने गुमशुदगी के पोस्टर भी तैयार कराए हैं। रुद्रपुर, पीलीभीत तथा आसपास के क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और प्रमुख चैराहों पर पोस्टर लगाए गए हैं। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी युवक की तस्वीर और जानकारी प्रसारित की जा रही है, ताकि किसी भी व्यक्ति को उसके बारे में कोई जानकारी मिले तो वह परिवार या पुलिस को सूचित कर सके। परिजनों द्वारा पुलिस को दिए गए विवरण के अनुसार सौरभ चैहान की उम्र लगभग 27 वर्ष, लंबाई करीब 154 सेंटीमीटर तथा रंग गेहूंआ है। युवक का फोटो भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है, जिससे उसकी पहचान कर तलाश अभियान को गति मिल सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने अपने प्रार्थना पत्र की प्रतियां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीलीभीत और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर को भी भेजी हैं। परिवार का कहना है कि सौरभ का अचानक इस तरह संपर्क से बाहर हो जाना सामान्य बात नहीं है और पुलिस को मामले की गंभीरता से जांच करनी चाहिए। उधर, युवक के लापता होने की सूचना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने भी युवक की जल्द बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब परिजनों की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं और वे सौरभ की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
सौरभ चैहान के छह दिन से लापता होने के बाद परिवार ने उसकी तलाश के लिए हर संभव प्रयास शुरू कर दिए हैं। परिजनों ने युवक की तस्वीर के साथ गुमशुदगी के पोस्टर तैयार कराकर रुद्रपुर, पीलीभीत और आसपास के इलाकों में लगवाए हैं। इसके अलावा फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों पर भी उसकी जानकारी साझा की जा रही है। परिवार ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को सौरभ के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस या परिजनों को सूचित करें।
