पीलीभीत। पेट्रोल, डीजल, एलपीजी गैस, सीएनजी और खाद्य पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों से परेशान जनता की आवाज बनकर शनिवार को समाजवादी पार्टी सड़क पर उतर आई। भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने जिला अध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में विशाल धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लेते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के शासनकाल में महंगाई चरम पर पहुंच गई है। पेट्रोल-डीजल के दाम आम आदमी की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। खाद्य पदार्थों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का जीवन कठिन हो गया है। किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही है, बिजली संकट से ग्रामीण क्षेत्रों में खेती प्रभावित हो रही है और युवा रोजगार तथा परीक्षा घोटालों से परेशान हैं।
विरोध प्रदर्शन को प्रभावी और प्रतीकात्मक बनाने के लिए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक कार को रस्सियों से बांधकर सड़क पर खींचा। कार्यकर्ताओं का कहना था कि बढ़ती ईंधन कीमतों के कारण वाहन चलाना आम लोगों के लिए मुश्किल हो गया है और यदि यही हाल रहा तो लोगों को वाहन छोड़कर उन्हें खींचने की नौबत आ जाएगी। यह अनोखा प्रदर्शन लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
प्रदर्शन के दौरान जब प्रशासन ने कार को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया तो सपा कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। इससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और सरकार विरोधी नारे लगाने लगे। बाद में अधिकारियों के समझाने पर मामला शांत हुआ और प्रदर्शनकारी पुनः जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ गए।
महंगाई के विरोध में कुछ कार्यकर्ता अर्धनग्न अवस्था में भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उनका कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की आर्थिक स्थिति को इस कदर प्रभावित कर दिया है कि लोगों के सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। कार्यकर्ताओं का यह विरोध प्रदर्शन पूरे कार्यक्रम के दौरान चर्चा का विषय बना रहा।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, बिजली संकट, खाद की कमी और भ्रष्टाचार से परेशान है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है जबकि युवाओं का भविष्य परीक्षा घोटालों की भेंट चढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि छम्म्ज् परीक्षा लीक जैसे मामलों ने लाखों छात्रों के सपनों को चोट पहुंचाई है। अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज जैसी घटनाएं लोकतंत्र को कमजोर कर रही हैं। सरकार जनसमस्याओं का समाधान करने के बजाय विरोध की आवाज को दबाने का काम कर रही है।
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों, मजदूरों, नौजवानों, व्यापारियों, अधिवक्ताओं और समाज के हर वर्ग की आवाज बनकर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त हो चुकी है और आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।
धरना-प्रदर्शन के समापन के बाद समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में महंगाई पर नियंत्रण, किसानों को खाद एवं बिजली की समुचित उपलब्धता, युवाओं के भविष्य की सुरक्षा, परीक्षा घोटालों की निष्पक्ष जांच तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
कार्यक्रम में नफीस अहमद अंसारी, नरेंद्र मिश्रा कट्टर, रूप राम कश्यप, ठाकुर अशोक सिंह, पवन सिंह यादव, हाजी अकबर अंसारी, अमित पाठक एडवोकेट, जेपी शुक्ला एडवोकेट, राजीव यादव एडवोकेट, गयासुद्दीन मंसूरी, दिव्या पी. गंगवार, राजकुमार राजू, मास्टर फैजान, बी.डी. प्रजापति, सुधीर तिवारी एडवोकेट, मीना दीक्षित, प्रदीप सिंह पटेल, आदिल अहमद, आरती महेंद्र, युसूफ कादरी सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।
