बीसलपुर। शादी के एक वर्ष बाद दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पकड़िया ता दियोरिया निवासी निर्मल पुत्र ओमप्रकाश ने बताया कि उसने अपनी बहन अमित कुमारी की शादी थाना क्षेत्र के गांव खरदहाई निवासी युवक के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी। शादी में सामर्थ्य अनुसार दान-दहेज भी दिया गया था।
आरोप है कि शादी के करीब एक साल बाद पति, सास, ससुर और ननद विवाहिता पर फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन और दो लाख रुपये नकद मायके से लाने का दबाव बनाने लगे। गरीबी का हवाला देकर मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर विवाहिता के साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार मामले की शिकायत पुलिस से की गई थी, जिस पर थाने में समझौता भी कराया गया, लेकिन इसके बावजूद पति उसे वापस लेने नहीं पहुंचा। आरोप है कि पति गाली-गलौज करते हुए तमंचे से जान से मारने की धमकी भी दे रहा है।
विवाहिता के भाई ने दोबारा पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

.jpg)