गौरीगंज: जनप्रतिनिधियों का सम्मान समारोह आयोजित! जनता का प्यार स्नेह और आशीर्वाद भुलाया नही जा सकता- राकेश प्रताप सिंह
May 23, 2026
गौरीगंज/अमेठी। विकास क्षेत्र गौरीगंज सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक में जनप्रतिनिधियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया जिसमें बतौर मुख्य अतिथि विधायक राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि क्षेत्र के विकास और मान सम्मान के लिये सदैव संघर्ष करता रहूंगा। गौरीगंज की जनता ने मेरे परिवार को जो प्यार स्नेह और आशीर्वाद दिया उसे भुलाया नही जा सकता है। गौरीगंज के विधायक राकेश प्रताप सिंह ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं ग्राम प्रधानों को सम्बोधित करते हुये कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल आगामी छब्बीस मई को समाप्त हो रहा है अब कार्यकाल बढ़ाया जायेगा या फिर प्रशासक नियुक्त किया जायेगा यह भविष्य के गर्भ में छिपा हुआ है। उन्होंने कहा कि आप सब लोगों ने अपने गांव के विकास के लिये उत्कृष्ट कार्य कर गांव का शत प्रतिशत विकास कार्य किया है इसीलिये यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि यहां की जनता ने जो अपनापन दिया है उसे कभी भूला नही जा सकता है जब आपके बेटे भाई का सम्मान दांव पर लगा तब आप लोगों ने जिस मजबूती के साथ कंधे से कंधा मिलाकर ताकत देने का काम किया उसे भुलाया नही जा सकता है यही प्यार स्नेह हमेशा बनाकर रखियेगा। विधायक राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि गौरीगंज पर जब कोई संकट आयेगा तो मेरा परिवार सदैव खड़ा रहेगा।कुछ लोग पद पाकर लोग पगला जाते हैं वह यह भूल जाते हैं कि पद प्रतिष्ठा क्षणिक है। उन्होंने कहा कि आप लोगों ने बीडीसी, तीन बार जिला पंचायत सदस्य और पांच बार ब्लाक प्रमुख के साथ ही तीन बार विधायक बनाया इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष और नगर पालिका परिषद का अध्यक्ष बनाया है। इसके लिये मै आप सबका सदैव आभारी रहूंगा। उन्होंने कहा कि मैं सात साल में सरकार के साथ नही रहा तो गौरीगंज का बहुत नुकसान हुआ पिछले दो साल से सरकार के साथ हूं तो यूपी की दस विधानसभाओ में गौरीगंज के विकास के लिये सर्वाधिक पैसा आया है। गौरीगंज की बहत्तर नई सड़कों का निर्माण,चैदह सड़कों का चैड़ीकरण, छह धमार्थ सड़क बनाने के लिये मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दिया है। एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने जल जीवन मिशन योजना और विद्युत विभाग के अधिकारियों को तलब करते हुये मनमानी पर सवाल जबाब किया तो दोनों विभागों के अधिकारी अगले बगले झांकने लगे जिस पर विधायक राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि बिजली कटौती पर अंकुश लगाया जाय और आंधी तूफान में जो खम्भे गिर गये हैं उनको दुरुस्त कराते हुये उपभोक्ताओं को निर्धारित बिजली मुहैया कराई जाय। विधायक राकेश प्रताप सिंह, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह एवं ब्लाक प्रमुख उमेश प्रताप सिंह ने ग्राम प्रधानों क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं मीडिया कर्मियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक ऐश्वर्य यादव ने किया।ब्लाक प्रमुख उमेश प्रताप सिंह ने आगंतुकों के प्रति आभार जताया। इस मौके पर जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह,कमला शंकर मिश्र,प्रधान संघ अध्यक्ष अश्वनी पाण्डेय, ललित सिंह, जदुनाथ मौर्य, पवन सिंह, पंकज पाण्डेय,अभय सिंह जिला पंचायत सदस्य अभिषेक सिंह राहुल शुक्ला,रामसुफल सरोज, अजय सिंह, रवि मिश्रा सहित समस्त ग्राम पंचायत विकास अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

