Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीत: लिटिल एंजेल्स स्कूल में रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ समर कैंप का हुआ समापन


पीलीभीत। लिटिल एंजेल्स स्कूल में आयोजित समर कैंप का उत्साह, उमंग और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भव्य समापन हुआ। समापन समारोह का शुभारंभ विद्यालय के कार्यकारी निदेशक उज्जवल अग्रवाल, उपप्रधानाचार्या अंजू सक्सेना तथा हेडमिस्ट्रेस नीना मेहरोत्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।समारोह में समर कैंप के दौरान बच्चों द्वारा सीखी गई विभिन्न गतिविधियों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों ने क्लासिकल डांस, हिप-हॉप एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास को देखकर सभी ने उनकी जमकर सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने स्टोरी टेलिंग के माध्यम से अपनी अभिव्यक्ति क्षमता का परिचय दिया। वहीं फायरलेस कुकिंग, पॉटरी एवं पोस्टर मेकिंग जैसी रचनात्मक गतिविधियों में तैयार की गई सामग्री का प्रदर्शन भी किया गया। बच्चों द्वारा बनाई गई कलाकृतियां और रचनात्मक कार्य सभी के आकर्षण का केंद्र बने रहे।

समर कैंप में विभिन्न खेल गतिविधियों में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों ने खेलों के दौरान सीखी गई तकनीकों और कौशल का प्रदर्शन किया। बच्चों ने खेलों से मिलने वाले शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी भी साझा की। स्केटिंग का प्रदर्शन करने वाले छोटे बच्चों ने अपनी शानदार प्रतिभा से दर्शकों का विशेष रूप से मन मोह लिया और खूब तालियां बटोरीं।

विद्यालय प्रशासन ने कहा कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना है। कैंप के दौरान विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ-साथ नई-नई विधाओं को सीखने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकारी निदेशक उज्जवल अग्रवाल ने समर कैंप को सफल बनाने में योगदान देने वाले विद्यालय के शिक्षकों, स्टाफ सदस्यों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बच्चों को ग्रीष्मकालीन अवकाश की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अवकाश के दौरान पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों के लिए भी समय अवश्य निकालें, जिससे उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास निरंतर होता रहे।

समापन समारोह में अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उल्लास और उत्सव का माहौल बना रहा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |