भांवरकोल/गाजीपुर। क्षेत्र में शुक्रवार को मौसम ने सुबह अचानक करवट ले ली। तेज आंधी, गरज-चमक और रिमझिम बारिश के चलते दिन में ही अंधेरा छा गया। आसमान में घने काले बादलों की वजह से दिन का नजारा रात जैसा दिखाई देने लगा।
बारिश के साथ चली धूलभरी तेज हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कुछ समय के लिए जनजीवन भी प्रभावित रहा। मौसम में आए इस अचानक बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू से लोगों ने राहत महसूस की।
अचानक छाए बादलों और हो रही हल्की बारिश के बीच गरज-तड़क का सिलसिला कुछ देर तक जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम का यह परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
दोपहर बाद मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगा और बादलों के बीच से धूप निकल आई। हालांकि बीच-बीच में ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे वातावरण सुहावना बना रहा। बारिश और तेज हवाओं के बाद निकली धूप से लोगों ने राहत की सांस ली और मौसम का आनंद उठाया। गर्मी से परेशान लोगों के चेहरों पर मौसम सुहावना होने के बाद राहत और खुशी साफ दिखाई दी।

.jpg)