Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बीसलपुरः डेंगू मरीज मिलने के बाद गांव पहुंचे सीएमओ, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट! दूसरे दिन भी घर-घर पहुंचीं टीमें, गांव में कराया गया छिड़काव


बीसलपुर। क्षेत्र के ग्राम चैसर हरदो पट्टी में युवक के डेंगू की चपेट में आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने डेंगू पीड़ित युवक के घर पहुंचकर परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण अपनी मौजूदगी में कराया तथा ग्रामीणों से बातचीत कर आवश्यक जानकारी ली।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी हरीश कुमार डेंगू बुखार से पीड़ित हैं, जिनका उपचार बरेली के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। जिले में डेंगू का पहला मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। शनिवार से ही विभागीय टीमें गांव में लगातार निगरानी कर रही हैं।

रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दूसरे दिन भी घर-घर जाकर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की। मलेरिया विभाग की टीम ने ग्राम प्रधान पति डॉ. रजेश गंगवार की देखरेख में गांव में दवा का छिड़काव कराया, ताकि मच्छरों के लार्वा को नष्ट किया जा सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने ग्रामीणों को मच्छरों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने लोगों से घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, साफ-सफाई बनाए रखने और पूरी बांह के कपड़े पहनने की अपील की।

सीएमओ ने बताया कि गांव की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और नया कोई भी बुखार पीड़ित मरीज नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि डेंगू से प्रभावित युवक की हालत अब खतरे से बाहर है।

वहीं अधीक्षक डॉ. आलमगीर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में लगातार डेरा डाले हुए है और ग्रामीणों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |