बलिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने शनिवार को वृद्धाश्रम गड़वार का औचक निरीक्षण कर वहां रह रहे बुजुर्गों की समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वृद्धजनों से उनके खान-पान, स्वास्थ्य और दैनिक सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए।
सचिव ने जिला चिकित्साधिकारी को पत्र भेजकर वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित कराने को कहा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी वृद्धजन को यदि विधिक सहायता की आवश्यकता हो तो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
निरीक्षण के बाद आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों और योजनाओं की जानकारी दी गई। विशेष रूप से ‘माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम-2007’ के प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में वृद्धाश्रम के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वृद्धजन मौजूद रहे।

.jpg)