बलिया। विकास कार्यों को लेकर सरकार ने रफ्तार तेज कर दी है। शनिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में आयुष एवं खाद्य सुरक्षा राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने जिले की सड़क, पुल, सिंचाई और नगर विकास परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि वैना-बाईपास कॉरिडोर परियोजना के लिए जून माह से किसानों का पंजीकरण शुरू किया जाएगा। वहीं नगरा-बरौली मार्ग और एनएच-31 देवरिया-हल्दी सड़क निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने माल्देपुर बाईपास को महावीर घाट तक जोड़ने के लिए करीब दो किलोमीटर सड़क निर्माण का एस्टीमेट तैयार करने को कहा। मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने नहर पटरी सड़कों के चैड़ीकरण, मरम्मत और पुल निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में बाढ़ परियोजनाओं, नहर सफाई, जर्जर बिजली तारों के बदलने और शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के मुद्दे भी प्रमुखता से उठे।
नगर क्षेत्र में बरसात से पहले नालों की सफाई और पार्कों की देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अनुपस्थित पीडब्ल्यूडी और जल निगम नगरीय अधिकारियों पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सख्ती दिखाते हुए एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया।

.jpg)