अमेठीः नोडल अधिकारी ने समीक्षा बैठक! कहा-केवल कागजों तक सीमित न रहे योजनाओं की प्रगति
May 25, 2026
अमेठी। शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी एवं महानिदेशक आयुष विभाग उत्तर प्रदेश श्रीमती चैत्रा वी. की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शासन के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों, राजस्व कार्यों व कानून व्यवस्था की प्रगति की समीक्षा को लेकर जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों तथा रैंकिंग की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नोडल अधिकारी ने कहा कि ऐसे विभाग अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाकर योजनाओं के क्रियान्वयन की गति तेज करें और आगामी समीक्षा में बेहतर परिणाम प्रस्तुत करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं की प्रगति केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंचे। समीक्षा के दौरान नोडल अधिकारी ने यूपी नेडा के अंतर्गत सोलर रूफटॉप योजना, उद्यान विभाग द्वारा संचालित योजनाएं, विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली, विद्युत आपूर्ति की स्थिति, खराब ट्रांसफार्मरों के प्रतिस्थापन, लाइन लॉस से जुड़े प्रकरणों तथा विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। नोडल अधिकारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचे। इसके लिए सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों में निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार कार्य करते हुए योजनाओं की प्रगति में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी की जाए और जमीनी स्तर पर कार्यों का निरीक्षण करते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। बैठक में नोडल अधिकारी ने विशेष रूप से आइजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारित करने के निर्देश दिए।

