अमेठीः शोकाकुल परिवारों से मिल व्यक्त की संवेदना! स्मृति इरानी ने प्रशिक्षण महाअभियान का समापन, कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
May 27, 2026
अमेठी। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने अपने एक दिवसीय अमेठी प्रवास के दौरान मुसाफिरखाना में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के समापन सत्र में सहभाग कर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने ओजस्वी एवं प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने संगठन की विचारधारा, राष्ट्रसेवा, अंत्योदय एवं कार्यकर्ता समर्पण की भावना को भारतीय जनता पार्टी की मूल शक्ति बताते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए सेवा, समर्पण एवं संस्कार के पथ पर निरंतर अग्रसर है।पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांत आज भी संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। कार्यक्रम उपरांत पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर शोकाकुल परिवारों से भेंट कर अपनी गहन संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसी क्रम में तिलोई विधानसभा अंतर्गत पूरे ठकुराइन, ब्लॉक सिंहपुर में बृजेश तिवारी के आवास पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की तथा दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की।इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश तिवारी भी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त मिश्रौली में राकेश शुक्ला एवं मेदन मवई ग्राम में संतोष ओझा, शाहगढ़ में पवन पासी के परिजनों से भेंट कर शोक संवेदना प्रकट की। इस अवसर पर वातावरण अत्यंत भावुक एवं मार्मिक रहा। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में भारतीय जनता पार्टी परिवार सदैव उनके साथ खड़ा है। अपने प्रवास के अंतिम चरण में गौरीगंज स्थित जिला भाजपा कार्यालय पहुंचकर उन्होंने पूर्व जिला अध्यक्षों,जिला पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक बैठक की। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं बूथ सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी के नेतृत्व, संगठननिष्ठा एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय व्यवहार की सराहना की।

