सालों की दुश्मनी का ऐसे लिया बदला, रास्ते में ऑटो चालक को रोकर धारदार हथियार से किया लहूलुहान
May 19, 2026
महाराष्ट्र के पुणे के कात्रज इलाके में रविवार सुबह एक ऑटो चालक पर जानलेवा हमला किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना आंबेगाव पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत कात्रज चौक से नवले ब्रिज हाईवे पर स्थित राजमाता भुयारी मार्ग, दत्तनगर चौक पर हुई। हमले का वीडियो भी सामने आया है।
घायल हुए ऑटो चालक की पहचान सूरज माणिक काळे (उम्र 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कात्रज के जैन मंदिर के पास का निवासी है। घटना के तुरंत बाद ऑटो चालक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जांच में सामने आया है कि पीड़ित और आरोपियों के बीच पिछले 2 से 3 सालों से पैसेंजर बैठाने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी पुरानी दुश्मनी और रंजिश के चलते रविवार की सुबह तीनों आरोपियों ने मिलकर सूरज काळे को घेर लिया और उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

