इंडिगो के विमान में बैठे थे 160 यात्री, तभी प्लेन में कट गई बिजली, पैसेंजर्स का छूटा पसीना
May 19, 2026
विमानन कंपनियों द्वारा लापरवाही का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसके बारे में जानकर हर कोई हैरान हुआ जा रहा है। जानकारी के अनुसार, वडोदरा से दिल्ली जाने वाले इंडिगो के एक विमान में बिजली की आपूर्ति ही ठप पड़ गई। ऐसे में विमान के टेकऑफ करने से पहले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इंडिगो के इस विमान में 160 यात्री सवार थे और इन सभी को अंधेरे और तेज गर्मी में विमान के अंदर करीब आधे घंटे तक बैठे रहना पड़ा। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सामने आई जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई 657 (वडोदरा-दिल्ली) रात 8 बजकर 40 मिनट पर उड़ान भरने वाली थी। हालांकि, उड़ान से पहले ही विमान के भीतर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। एयरपोर्ट के एक अधिकारी के मुताबिक, विमान को ग्राउंड पावर यूनिट (जीपीयू) से बिजली की आपूर्ति की जा रही थी, लेकिन इस बीच यूनिट खराब हो गई।
एयरपोर्ट अधिकारी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, जीपीयू में हुई खराबी को ठीक करने के लिए इंजीनियर को करीब 12-15 मिनट का समय लगा था। हालांकि, बिजली की आपूर्ति इसके 15 मिनट बाद शुरू हो पाई। अधिकारी ने कहा- ''इन 30 मिनट के दौरान केबिन में पूरी तरह से अंधेरा था और एसी भी काम नहीं कर रहा था, जिससे यात्री बुरी तरह पसीने से तरबतर हो रहे थे।''
अब तक इंडिगो की ओर से इस घटना को लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है। वहीं, PTI ने उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट फ्लाइटरडार के हवाले से बताया है कि वडोदरा-दिल्ली विमान की उड़ान का समय 8 बजकर 40 मिनट निर्धारित था। हालांकि, विमान एक घंटे 20 मिनट की देरी के बाद रात 10 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हुआ।

