अमेठीः झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, गर्मी से मिली राहत
May 29, 2026
अमेठी । शुक्रवार तड़के अचानक मौसम ने करवट ली। सुबह करीब साढ़े तीन बजे शुरू हुई तेज बारिश ने पूरे जिले को तरबतर कर दिया। करीब दो घंटे तक लगातार हुई झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली। सुबह 4 बजे से 6 बजे तक हुई बारिश के दौरान लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलती रहीं, जिससे मौसम पूरी तरह सुहाना हो गया।बारिश के बाद जिले का तापमान तेजी से गिरकर 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और गर्म हवाओं से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। सुबह के समय सड़कों पर ठंडक महसूस की गई और वातावरण में नमी बढ़ गई। फिलहाल जिले के कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी जारी है, जबकि आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं।इस बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचने से खरीफ फसलों की बुवाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में किसान इसे खेती के लिए फायदेमंद मान रहे हैं। हालांकि तेज बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा बिजली के खंभों और पेड़ों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

