Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीतः “जनसमर्थन की गूंज में लौटा काफिला”रू राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार के रोड शो में उमड़ा सैलाब! लखनऊ से वापसी पर पीलीभीत में भव्य स्वागत, जगह-जगह फूलमालाओं से अभिनंदन


पीलीभीत। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाकर लौटे गन्ना राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार का मंगलवार को जनपद आगमन अभूतपूर्व उत्साह और भव्यता के साथ हुआ। लखनऊ से पीलीभीत पहुंचते ही उनके स्वागत में जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरे मार्ग में जगह-जगह कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूलमालाओं से उनका अभिनंदन किया। रोड शो के दौरान “जय श्रीराम” और भाजपा के समर्थन में गूंजते नारों से पूरा वातावरण राजनीतिक और धार्मिक रंग में सराबोर नजर आया।

शाम करीब पांच बजे जैसे ही राज्य मंत्री का काफिला पीलीभीत पहुंचा, विभिन्न स्थानों पर उनका स्वागत करने के लिए पहले से मौजूद कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलमालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया। कई स्थानों पर स्वागत मंच बनाकर अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके बाद काफिला भाजपा कार्यालय पहुंचा, जहां जिला अध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया।

भाजपा कार्यालय में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह गंगवार ने पश्चिम बंगाल चुनाव के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि चुनाव अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में लड़ा गया, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर साबित किया कि वह हर चुनौती को अवसर में बदलने का सामर्थ्य रखती है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के समर्पण को सफलता का मूल आधार बताते हुए आभार व्यक्त किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा भय का माहौल बनाया गया था, लेकिन भाजपा ने लोकतंत्र को मजबूती देने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर दबाव के बीच भी मजबूती से चुनाव लड़ा और उसी का परिणाम सफलता के रूप में सामने आया।

राज्य मंत्री ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि अब जनता विकास के मुद्दे पर राजनीति करने वालों को ही समर्थन दे रही है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पार्टी समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने का काम करती है, जबकि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को अभी से जुट जाने का आह्वान किया और कहा कि प्रदेश से विपक्ष की विदाई तय है।

पीलीभीत में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में जनपद में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि आगामी चुनाव में जनपद की सभी सीटों के साथ-साथ बरेली मंडल की सीटों पर भी भाजपा को प्रचंड जीत दिलाने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं।

रोड शो का सबसे प्रमुख आकर्षण करीब 400 वाहनों का विशाल काफिला रहा, जिसमें पीलीभीत, बीसलपुर, बरखेड़ा, अमरिया, पूरनपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। यह काफिला पूरनपुर-शाहजहांपुर बॉर्डर स्थित कजरी गांव से शुरू होकर पूरनपुर, जरा, गजरौला, बिठौरा, मेडिकल कॉलेज सहित कई प्रमुख स्थानों से गुजरता हुआ शहर तक पहुंचा। जहां-जहां से काफिला गुजरा, वहां कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

पूरे मार्ग में भाजपा समर्थकों का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। जगह-जगह मंच बनाकर स्वागत किया गया और नारों से माहौल गूंजता रहा। एक किलोमीटर से अधिक लंबा यह काफिला पूरे कार्यक्रम को एक बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन में बदलता नजर आया।

रोड शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह चाक-चैबंद रही। प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया था, जबकि यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष रूप से लगाया गया। इसके चलते पूरे मार्ग पर यातायात सुचारू बना रहा और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। स्वागत करने वालों में जिला उपाध्यक्ष विकास श्रीवास्तव, रेखा परिहार, गीता मिश्रा, पुष्पा उपाध्याय, संजीव मोहन अग्रवाल, शिवनारायण शर्मा, कपिल अग्रवाल, शाहिद समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। वहीं ललौरीखेड़ा ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार, मरौरी ब्लॉक प्रमुख सभ्यता वर्मा, अमरिया ब्लॉक प्रमुख श्याम सिंह, पूरनपुर ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि अपूर्व सिंह, नगर पंचायत नौगवां पकड़िया की अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही।

भाजपा कार्यालय से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरता हुआ यह रोड शो संजय राहुल पार्क में पहुंचकर संपन्न हुआ। पूरे कार्यक्रम की कमान विजय सिंह गंगवार और उनकी टीम ने संभाली, जिनकी रणनीति और समन्वय के चलते यह रोड शो भव्य और सुव्यवस्थित रूप में सफलतापूर्वक आयोजित हुआ। यह आयोजन न केवल एक स्वागत कार्यक्रम रहा, बल्कि भाजपा की संगठनात्मक ताकत और जनसमर्थन का बड़ा प्रदर्शन भी साबित हुआ। वहीं भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर भी कार्यकर्ताओं ने राज्य मंत्री का ढोल नगाड़ों एवं फूलमालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |