बीसलपुर। तहसील क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में शुक्रवार को व्यापार फैंस क्लब के कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। व्यापारियों ने कृषि उत्पादन मंडी समिति गेट पर एकत्र होकर विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
व्यापारियों का आरोप था कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आम जनता और व्यापारी वर्ग दोनों परेशान हैं। भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली गायब रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि लोकल फाल्ट होने पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद विद्युत कर्मी समय पर मौके पर नहीं पहुंचते हैं। इतना ही नहीं, कंट्रोल रूम का फोन तक नहीं उठाया जाता, जिससे उपभोक्ताओं की समस्याएं और बढ़ जाती हैं।
व्यापार फैंस क्लब के जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार गुप्ता के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कटौती पर रोक नहीं लगी और व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
पुतला दहन कार्यक्रम में वीरपाल गंगवार, सुबोध गंगवार, रामपाल गुप्ता, सीताराम भोजवाल, हरीश गंगवार, राम गुप्ता, सजल गुप्ता, सार्थक गुप्ता, कुलदीप गौतम, विकास राजपूत और विनय यादव समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

