बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता के प्रेमी के साथ फरार होने का मामला सामने आया है। महिला अपने पीछे मासूम बच्चे को छोड़ गई, जिसके बाद उत्तराखंड में मजदूरी कर रहे पति ने घर लौटकर पुलिस को तहरीर दी है।
पीड़ित युवक के अनुसार वह मजदूरी के सिलसिले में उत्तराखंड में रह रहा था। इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया। युवक का आरोप है कि उसकी पत्नी घर में रखे करीब 35 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात भी साथ ले गई।
बताया गया कि घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य शादी समारोह में गए हुए थे। घर पर केवल महिला और उसका मासूम बच्चा मौजूद था। महिला बच्चे को घर पर छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई। घटना की जानकारी मिलने पर पति तत्काल गांव पहुंचा और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

.jpg)