Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा को नकल विहीन व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु एडीएम ने की तैयारियों की समीक्षा


प्रतापगढ़। जिले में आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश बी0एड0 संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 को नकल विहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वि0ध्रा0) आदित्य प्रजापति ने सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में 31 मई 2026 को उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 16 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी, जिसमें प्रथम पाली प्रातः 09 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपरान्ह 2 बजे से अपरान्ह 5 बजे तक आयोजित होगी। बैठक को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी (वि0ध्रा0) ने कहा कि उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों तथा केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों पर मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं साफ-सफाई की विशेष निगरानी रखी जाए, यदि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायत पायी जायेगी तो कठोर कार्रवाई की जायेगी। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के समय अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूरी तरह नकल विहीन एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने केन्द्र व्यवस्थापक एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट से कहा कि एक दिन पूर्व समय से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर ले जिससे जो भी कमियां है उसे दुरूस्त करा ले। 

मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार तिवारी ने कहा कि पूर्व की भांति परीक्षा को सकुशल संपन्न कराये, केन्द्रो पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़, अवांछनीय गतिविधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क दृष्टि रखी जाएगी। उन्होने बैठक में कहा कि संयुक्त बी0एड्0 प्रवेश परीक्षा की दिशा निर्देश पुस्तिका का सभी विधिवत अवलोकन कर लें और इसी के अनुरूप परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराये। बैठक में सीओ लाइन शिव नारायण वैश सहित सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |