अमेठी: दर्दनाक हादसा! प्याज से लदा ट्रक पलटा, तीन युवकों की मौत
May 29, 2026
अमेठी। जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक की उपचार की दौरान मौत हो गयी। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार प्याज लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पहले एक बाइक से टकराया और फिर दूसरी बाइक पर पलट गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। जानकारी के अनुसार यह हादसा बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र के टेरी लोकीपुर गांव के पास हुआ, जहां प्याज से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक गौरीगंज से सुल्तानपुर की ओर जा रहा था, इसी दौरान सामने चल रही एक बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे से गुजर रही दो मोटरसाइकिलों पर पलट गया, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए मुंशीगंज कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई. इसके अलावा पुलिस क्षेत्राधिकारी गौरीगंज अखिलेश कुमार वर्मा तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया. इस दर्दनाक हादसे में प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव निवासी 16 वर्षीय प्रिंस वर्मा पुत्र श्यामलाल वर्मा तथा 25 वर्षीय सनी कुमार वर्मा पुत्र रामदेव वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं सुल्तानपुर निवासी राजू गंभीर रूप से घायल हो गया था. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया. इसके अतिरिक्त अजीत वर्मा पुत्र गोपाल वर्मा निवासी नरेड़ी थाना एवं जिला शामली गंभीर रूप से घायल हो गया. उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है. चिकित्सकों की निगरानी में घायल युवक का उपचार जारी है। मुंशीगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया. ट्रक के नीचे दबे युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया है. एक अन्य घायल युवक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

