बीसलपुर। विद्या भारती से संबद्ध सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बीसलपुर में आयोजित तीन दिवसीय स्काउट एवं गाइड शिविर का दूसरा दिन उत्साह, अनुशासन और ऊर्जा से भरपूर रहा। शिविर में विद्यार्थियों को राष्ट्रभक्ति, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर पूरे दिन देशभक्ति गीतों, प्रेरणादायी नारों और अनुशासित गतिविधियों से गूंजता रहा।
शिविर में जिला संगठन आयुक्त गाइड शालिनी पाण्डेय, आईटी समन्वयक अभिषेक प्रजापति एवं ट्रेनर रोहित ने स्काउट एवं गाइड के भैया-बहनों को शिविर जीवन की उपयोगिता, प्राथमिक उपचार, टोली संचालन, ध्वज शिष्टाचार और आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ व्यावहारिक गतिविधियों में भाग लिया और विभिन्न कौशलों को सीखा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. रविशरण सिंह चैहान के निर्देशन में संचालित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं सामाजिक सेवा की भावना विकसित करना है। प्रधानाचार्य ने कहा कि स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण विद्यार्थियों को जीवन में सहयोग, जिम्मेदारी और अनुशासन का पाठ पढ़ाता है, जो उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
शिविर के सफल संचालन में उपप्रधानाचार्य जनार्दन मिश्रा, स्काउट प्रमुख आचार्य नवेंद्र कुमार, आचार्य रमेश पाल, नीलकमल मिश्रा, आलोक शुक्ला, अनिल, अशोक शर्मा, संजीव एवं मोहित रस्तोगी का विशेष सहयोग रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए प्रशिक्षण गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कराई।
शिविर के दूसरे दिन विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से बच्चों ने नई जानकारियां और व्यवहारिक कौशल सीखे। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण साबित होगा।

