मऊ। जनपद के अपर जिलाधिकारी (एडीएम) सत्यप्रिय सिंह के स्थानांतरण के उपलक्ष्य में डिस्ट्रिक्ट बार कलेक्ट्रेट मऊ के वरिष्ठ अधिवक्ताओं और पदाधिकारियों ने उनसे शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने उनके सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
विदाई वार्ता के दौरान अधिवक्ताओं ने एडीएम सत्यप्रिय सिंह के कार्यकाल में कलेक्ट्रेट और बार के बीच रहे सौहार्दपूर्ण समन्वय को याद किया। अधिवक्ताओं ने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान न्यायिक व प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और सुगमता देखने को मिली। डिस्ट्रिक्ट बार कलेक्ट्रेट मऊ के अध्यक्ष दिनेश राय और वरिष्ठ अधिवक्ता ईश्वर चंद्र त्रिपाठी सहित सभी उपस्थित अधिवक्ताओं ने निवर्तमान एडीएम को नए तैनाती स्थल के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य व उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान एडीएम सत्यप्रिय सिंह ने भी सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए मऊ जनपद में मिले सहयोग को अविस्मरणीय बताया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से राकेश सिंह, बीबी सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, देवेश राय, चेत सिंह, राजेंद्र यादव, रफी उल्लाह, सूर्यनाथ यादव और पूर्व मंत्री संजय सिंह सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे।

