मऊ। राज्य कर विभाग मऊ के अधिकारियों द्वारा जनगणना-2026 के क्रम में विभिन्न बाजारों में स्वजनगणना संबंधी जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत विभाग के अधिकारियों ने व्यापारियों तथा आम नागरिकों को 6-चरणीय स्वगणना व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, पोर्टल पर सरलता से स्वजनगणना फॉर्म भरने के तरीके समझाए और इससे संबंधित पंपलेट व पोस्टर भी बांटे।
जागरूकता के दौरान व्यापारियों से अपील की गई कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर आने वाले ग्राहकों और आम लोगों को भी स्वजनगणना के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर राज्य कर उपायुक्त बृजेश कुमार दीपांकर, अवनीश कुमार चैधरी, मनोज कुमार यादव सहित सहायक आयुक्त संजीव कुमार, नितिन श्रीवास्तव, ऋषि रस्तोगी तथा जीएसटी अधिकारी राजेश सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

