अमेठीः निराश्रित गोवंशों के संरक्षण व भरण-पोषण को लेकर डीएम ने की बैठक
May 04, 2026
अमेठी। जिलाधिकारी संजय चैहान ने कल कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण व भरण-पोषण को लेकर बैठक किया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने निराश्रित घूम रहे गोवंशों को स्थानीय गौशालाओं में संरक्षित कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गौशाला में गोवंशों के लिए पर्याप्त चारा, भूसा, पशु आहार, स्वच्छ पेयजल, छांव, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने समस्त नोडल अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वह किसानों से संपर्क कर गोवंशों के भरण पोषण हेतु भूसा दान करने के लिए आग्रह करें। बैठक में जिलाधिकारी ने नवीन गौशालाओं के निर्माण की भी समीक्षा किया एवं शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। गौशालाओं से संबद्ध समस्त पशु चिकित्सा अधिकारियों द्वारा बीमार गोवंशों की नियमित देखभाल व उनके इलाज आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराने को कहा। इसके साथ ही सहभागिता योजना के अंतर्गत गोवंशों की सुपुर्दगी के संबंध में जानकारी ली तथा निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार गोवंशों की सुपुर्दगी योजना के तहत गायों को देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निराश्रित गोवंशों के संरक्षण व उनके भरण-पोषण को लेकर माननीय मुख्यमंत्री जी एवं शासन स्तर से लगातार समीक्षा की जा रही है तथा इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने कहा कि निजी पशुपालकों के गोवंशों का अनिवार्य रूप से अभियान चलाकर ईयर टैगिंग कर उन्हें पशुधन पोर्टल पर पंजीकृत किए जाने के निर्देश दिए, जिससे शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें मिल सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ जीके शुक्ला, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी, डीसी मनरेगा शेर बहादुर, डीसी एनआरएलएम प्रवीणा शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
