Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढ़ः जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला उद्योग एवं व्यापार बन्धु की बैठक सम्पन्न


प्रतापगढ़। जिले में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला उद्योग एवं व्यापार बन्धु की बैठक सम्पन्न हुई जिसमें औद्योगिक विकास, निवेश, व्यापारिक समस्याओं और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की गई। बैठक में उपायुक्त उद्योग द्वारा बताया गया कि जनपद मुख्यालय से लगभग 12 किलोमीटर दूर अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर तहसील रानीगंज के ग्राम संसारपुर में लगभग 36 एकड़ भूमि पर राजकीय औद्योगिक आस्थान विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना के अंतर्गत 550 से 650 वर्गमीटर के कुल 109 औद्योगिक भूखण्ड तैयार किये जा रहे हैं, जिससे नए उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने के लिए सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में अवस्थापना विकास के तहत बाउंड्रीवाल, सड़क एवं नालियों का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है। इसके अलावा विद्युत सबस्टेशन तथा प्रशासनिक भवन का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है। उद्यमियों को निर्बाध जलापूर्ति उपलब्ध कराने के लिए पानी की टंकी का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। हालांकि सड़क के समानांतर इंटरलॉकिंग का कार्य अभी प्रारम्भ नहीं हो सका है। इस पर जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि अवशेष कार्यों का स्टीमेट तैयार कर डीओ लेटर के माध्यम से शासन को शीघ्र भेजा जाए, ताकि परियोजना समय से पूर्ण हो सके। उन्होंने उपायुक्त उद्योग को यह भी निर्देश दिया कि कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच के लिए शासन को पत्र भेजा जाए, जिससे निर्माण कार्यों की पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि औद्योगिक आस्थान के पूर्ण होने से जनपद में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होते ही इच्छुक उद्यमियों के लिए प्लॉट आवंटन प्रक्रिया प्रारम्भ की जाएगी।

बैठक के दौरान उद्यमियों ने उद्योगों से संबंधित विभिन्न समस्याओं और सुझावों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा, जिस पर उपायुक्त उद्योग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। वहीं व्यापारियों ने शहर के प्रमुख पंजाबी मार्केट में पार्किंग व्यवस्था न होने से उत्पन्न हो रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों का कहना था कि पार्किंग के अभाव में आए दिन जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है, जिससे ग्राहकों और दुकानदारों दोनों को परेशानी होती है। इस पर जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि विनियमित क्षेत्र के लिए दो करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध है। उन्होंने बाजार प्रतिनिधियों से कहा कि उपजिलाधिकारी सदर के साथ समन्वय स्थापित कर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम मोहन मीणा, अपर जिलाधिकारी (वि0ध्रा0) आदित्य प्रजापति, उपायुक्त उद्योग एस0एस0 सहित सम्बन्धित अधिकारी एवं उद्यमी व व्यापारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |