- लोकतांत्रिक नहीं, राजतांत्रिक तरीके से चल रही वर्तमान सरकारय विपक्ष का हमदर्दी का नाटक सिर्फ सत्ता हथियाने का जरियारू जन सेवा दल
- महिलाओं व अतिपिछड़ी जातियों को जन संख्या अनुपात में टिकट देने की घोषणा करें सभी दल
लखनऊ। जन सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनेश ठाकुर 'कर्पूरी' ने देश और प्रदेश के वर्तमान राजनीतिक हालातों पर तीखा प्रहार करते हुए कांग्रेस, सपा, बसपा और वर्तमान सरकार को कठघरे में खड़ा किया है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो भी राजनीतिक घटनाक्रम चल रहा है, उसे जनता भली-भांति समझ रही है. कांग्रेस को अतिपिछड़ों की सबसे बड़ी दुश्मन करार देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के रहते ही ओबीसी (OBC) आरक्षण को दबंग जातियों के हवाले किया गया था, जिससे छुटकारा मिलता नजर नहीं आ रहा है. आज जब राहुल गांधी और कांग्रेस का सत्ता में आने का सपना टूट चुका है, तो वे अतिपिछड़ों की याद में खुलेआम झूठी हमदर्दी दिखाने का नाटक कर रहे हैं.
सपा-बसपा ने अतिपिछड़ों और दलितों को सिर्फ छला
विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए विनेश ठाकुर 'कर्पूरी' ने कहा कि समाजवादी पार्टी में जहां अपने ही अतिपिछड़े विधायकों को नहीं बख्शा जाता, वहीं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) द्वारा जनसंख्या के अनुपात में हिस्सेदारी देने का वादा हमेशा झूठा साबित हुआ है. बसपा ने पहले तो दबंग जातियों से दलित-पिछड़ों का बैर (दुश्मनी) बढ़ाया और बाद में उन्हीं दबंगों को सैकड़ों टिकट देकर दलित-पिछड़ों के सिर पर बैठा दिया.
वर्तमान सरकार पर साधा निशाना: जो सामने आएगा, जेल जाएगा
सत्तापक्ष को आड़े हाथों लेते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान सरकार के बारे में कुछ भी लिखना बेमानी है, क्योंकि यह सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों पर नहीं, बल्कि राजतांत्रिक ढर्रे पर चल रही है. सरकार की तानाशाही का आलम यह है कि जो भी हक की आवाज उठाकर सामने आएगा, उसे जेल की हवा खानी पड़ेगी.
चंद्रशेखर आजाद की राह में रोड़े अटकाने की साजिश
भीम आर्मी प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अभी चंद्रशेखर ने सक्रिय राजनीति में सफलता का रास्ता शुरू ही किया था कि उनके रास्ते में सैकड़ों 'ट्रैफिक पुलिस वाले' (बाधाएं) खड़े कर दिए गए हैं. ये वे लोग हैं जिन्होंने बसपा के स्कूल में ट्रेनिंग ली है और इनका एकमात्र काम खींचतान पैदा करके अनजाने में चंद्रशेखर आजाद को सत्ता में जाने से रोकना है.
बहुजन आंदोलन के नाम पर सीएम बनने का सपना देखने वाले होंगे गायब
विनेश ठाकुर 'कर्पूरी' ने अंत में स्वयंभू नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग खुद को बहुजन मिशन या आंदोलन का चेहरा बताकर मुख्यमंत्री बनने का मुंगेरीलाल का सपना देख रहे हैं, उनकी जमीन इतनी कमजोर है कि वे चुनाव परिणाम यानी काउंटिंग के दिन मतगणना केंद्रों पर खड़े होने लायक भी दिखाई नहीं देंगे. जन सेवा दल अतिपिछड़ों और शोषितों के हक के लिए इस दमनकारी और छलावा करने वाली राजनीति के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगा.और मौका मिलते ही अपने द्वारा कहें गए एक एक शब्द को पूरा कर दिखाएगा।

