Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

रूद्रपुर: महापौर ने संजय नगर खेड़ा से किया ‘महापौर जनता के द्वार’ अभियान का आगाज! बहुद्देशीय शिविर, मौके पर ही निपटाईं जनसमस्याएं



रूद्रपुर। अपने चुनावी वायदों को धरातल पर उतारते हुए महापौर विकास शर्मा ने सोमवार को  ‘महापौर जनता के द्वार’ अभियान का शुभारंभ वार्ड नंबर 11 संजय नगर खेड़ा बस्ती से किया। नगर निगम द्वारा आयोजित पहले बहुद्देशीय शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनमें कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण भी किया गया। महापौर ने घोषणा की है कि अब प्रत्येक सोमवार को अलग अलग वार्डों में इसी प्रकार के शिविर आयोजित किए जाएंगे।

‘महापौर जनता के द्वार’ अभियान के तहत पहला शिविर संजय नगर खेड़ा स्थित बसंती पूजा मैदान में लगाया गया। शिविर में नगर निगम, बिजली विभाग, जल संस्थान, श्रम विभाग, समाज कल्याण विभाग, जन्म प्रमाण पत्र शाखा तथा आयुष्मान योजना समेत विभिन्न विभागों के अलग अलग स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों पर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ साथ मौके पर ही सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर में लोगों की भीड़ सुबह से ही उमड़नी शुरू हो गई थी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने योजनाओं का लाभ उठाया।

शिविर में महापौर विकास शर्मा, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने स्वयं मौजूद रहकर लोगों की समस्याएं सुनीं। कई शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया जबकि अन्य समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। लोगों ने बिजली, पेयजल, राशन कार्ड, पेंशन, सफाई व्यवस्था और अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं।

एक शिकायतकर्ता ने बिजली का बिल अत्यधिक आने की शिकायत महापौर के समक्ष रखी। इस पर महापौर विकास शर्मा ने मौके पर मौजूद विद्युत विभाग की टीम को तत्काल शिकायतकर्ता के घर पहुंचकर मीटर की जांच करने और समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि जनता को छोटी छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और नगर निगम स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करेगा।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने जनता से वादा किया था कि नगर निगम आम लोगों के द्वार तक पहुंचेगा और उनकी समस्याओं का समाधान करेगा। उसी संकल्प के तहत इस अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि अब प्रत्येक सोमवार को अलग अलग वार्डों में बहुद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और लोगों की समस्याओं का समाधान मौके पर किया जाएगा।

सौरभ गंगवार शिकायतों का निस्तारण करना नहीं बल्कि केन्द्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना भी है। महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा शासन प्रशासन और संगठन के कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया है, जिसके तहत नगर निगम अन्य विभागों के साथ मिलकर सीधे जनता के बीच पहुंच रहा है।

महापौर ने कहा कि नगर निगम सरकार और जनता के बीच सेतु की भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार में रूद्रपुर शहर तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और विकास कार्य जनता की भावनाओं एवं प्राथमिकताओं के अनुरूप कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि धामी सरकार में जनहितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी और जनता को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महापौर विकास शर्मा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा लगाए जा रहे शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखें ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे ने कहा कि ‘महापौर जनता के द्वार’ कार्यक्रम जनभावनाओं का सम्मान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि कई बुजुर्ग, महिलाएं और जरूरतमंद लोग विभिन्न कारणों से सरकारी कार्यालयों तक नहीं पहुंच पाते, ऐसे में वार्ड स्तर पर लगाए जा रहे शिविरों से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी सुविधाएं सरल और सुगम तरीके से पहुंचाई जाएं।

इस अवसर पर नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पियूष रंजन, राजू नबियाल, पार्षद पवन राणा, पार्षद चिराग कालरा, राधेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |