Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीतः ई-रिक्शा से शहर भ्रमण पर निकले गन्ना राज्यमंत्री, ऊर्जा संरक्षण का दिया संदेश! भाजपा कार्यकर्ता की बीमार बेटी का अस्पताल पहुंचकर जाना हाल, चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश


पीलीभीत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण संबंधी अपील को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने शुक्रवार को अपने सरकारी काफिले को छोड़ ई-रिक्शा से शहर का भ्रमण किया। उन्होंने लोगों से डीजल और पेट्रोल की बचत करते हुए बैटरी चालित वाहनों तथा सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। लखनऊ से पीलीभीत पहुंचने के बाद राज्यमंत्री ने अपने जनसहयोग कार्यालय पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समाधान का भरोसा दिलाया गया। दोपहर बाद राज्यमंत्री ने शहर भ्रमण के लिए पारंपरिक सरकारी वाहनों के बजाय ई-रिक्शा का सहारा लिया। उन्होंने चार ई-रिक्शा किराये पर लेकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। सबसे पहले वह भाजपा कार्यकर्ता शिशुपाल गंगवार की बीमार बेटी का हालचाल जानने के लिए देवदीपा हॉस्पिटल पहुंचे। वहां उन्होंने बच्ची से मुलाकात कर उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से उपचार की स्थिति के बारे में विस्तार से चर्चा की। साथ ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इसके बाद राज्यमंत्री ने शहर के अन्य स्थानों पर पहुंचकर स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा संरक्षण राष्ट्रहित से जुड़ा विषय है और प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि लोग छोटी-छोटी दूरी के लिए ई-रिक्शा और सार्वजनिक परिवहन का प्रयोग करें तो इससे ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण में भी कमी आएगी।

शहर भ्रमण के दौरान उनके साथ सुरक्षा कर्मियों के अलावा भाजपा जिला उपाध्यक्ष विकास श्रीवास्तव सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |