Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

कन्नौज: शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं ईद-उल-अजहा -डीएम


कन्नौज।  जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में आगामी पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद कन्नौज सदैव से शांतिप्रिय एवं सामाजिक सौहार्द की मिसाल रहा है, जहां सभी धर्मों के पर्व आपसी भाईचारे एवं परंपरागत ढंग से मनाए जाते हैं। उन्होंने आगामी पर्व को भी शालीनता, अनुशासन एवं पारस्परिक सम्मान के साथ मनाया जाए तथा किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा है कि खुले स्थानों, सार्वजनिक मार्गों एवं सड़कों पर नमाज अदा न की जाए। पर्व के दौरान पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को पूर्व से ही दुरुस्त एवं व्यवस्थित रखा जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित कर ली जाएं ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी तथा कुर्बानी सार्वजनिक अथवा खुले स्थानों पर न की जाए। कुर्बानी से निकलने वाले अवशेषों का सुरक्षित निस्तारण किया जाए तथा उन्हें खुले में न फेंका जाए। नालियों अथवा सार्वजनिक स्थलों पर अवशेष फेंकने की अनुमति नहीं होगी। अवशेषों को गड्ढा खोदकर निर्धारित स्थानों पर सुरक्षित रूप से दफन किया जाए।

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि जनपद के सभी 195 विद्युत फीडरों पर कार्यरत 422 लाइनमैनों की ड्यूटी संतुलित रूप से लगाई जाए, जिससे किसी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित न हो। जहां पेयजल की समस्या हो, वहां टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मार्गों, नालों एवं नालियों की विशेष साफ-सफाई कराने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कुर्बानी के दौरान वीडियो अथवा रील बनाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। सोशल मीडिया पर किसी भ प्रकार की भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक एवं पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहेंगे तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने आमजन से अपील की, कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.)  देवेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक  अजय कुमार, उप जिलाधिकारी सदर सुश्री ......वैशाली सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं धर्मगुरु उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |