भांवरकोल/गाजीपुर। क्षेत्र के पलियां बुजुर्ग गांव निवासी (बीजेपी) के उमेश राय ने हावड़ा उत्तर (170) विधानसभा क्षेत्र से बड़े अंतर से जीत दर्ज कर शानदार सफलता हासिल की है। उनकी इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे गांव सहित आसपास के इलाकों में जश्न का माहौल बन गया है।
जैसे ही जीत की आधिकारिक घोषणा हुई, पलियां बुजुर्ग गांव में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। समर्थकों और ग्रामीणों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर अपनी खुशी का इजहार किया। गांव में जगह-जगह पटाखे छोड़े गए और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच लोगों ने उमेश राय की जीत का जश्न मनाया।
उमेश राय के आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। क्षेत्र के बुजुर्ग, युवा और महिलाएं सभी उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे। समर्थकों का कहना है कि यह जीत उमेश राय के सरल स्वभाव, जनसेवा और क्षेत्र में उनकी सक्रियता का परिणाम है।
इस अवसर पर उमेश राय ने सभी मतदाताओं और समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत क्षेत्र की जनता की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
गौरतलब है कि इस जीत के बाद उमेश राय का राजनीतिक कद और भी मजबूत हुआ है, वहीं क्षेत्र में विकास को लेकर नई उम्मीदें भी जागृत हुई हैं।
