शुकुलबाजार: पीस कमेटी बैठक में सौहार्द बनाए रखने की अपील! संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दे- थाना अध्यक्ष
May 21, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा ने की। बैठक में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, धर्मगुरुओं, व्यापार मंडल पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया। बैठक के दौरान थाना अध्यक्ष ने कहा कि बकरीद का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का प्रतीक है। सभी लोग मिलजुल कर त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि पुलिस प्रशासन से अवश्य करें। थाना अध्यक्ष ने बताया कि पर्व के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चैबंद रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। उन्होंने लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। बैठक में साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, कुर्बानी स्थलों की व्यवस्था एवं त्योहार के दौरान शांति बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर थाना स्टाफ सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

