अमेठीः योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत समीक्षा! जिला आजीविका अनुश्रवण एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक
May 21, 2026
अमेठी। मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला आजीविका अनुश्रवण एवं क्रियान्वयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही पोषाहार उत्पादन इकाई के कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के दौरान सीडीओ ने स्वयं सहायता समूहों के गठन, उनके बैंक खाते खोलने तथा एमआईएस एंट्री की प्रगति पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि अधिक से अधिक पात्र परिवारों जैसे राशन कार्ड धारक, जीरो पॉवर्टी श्रेणी के परिवार एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाए, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने ‘लखपति दीदी’ योजना, समूह स्टार्टअप फंड, सामुदायिक निवेश प्रणाली, तथा ‘प्रेरणा कैंटीन’ के संचालन की स्थिति की समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। समूहों द्वारा तैयार उत्पादों के विपणन के लिए संचालित ‘सवेरा मार्ट’ की स्थिति पर भी चर्चा की गई और इसे और सशक्त बनाने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने सामुदायिक शौचालयों के संचालन हेतु स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को केयरटेकर बनाए जाने की प्रगति की भी समीक्षा की। साथ ही ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना’ एवं ‘बीसी सखी’ के कार्यों की समीक्षा करते हुए बैंकिंग सेवाओं को ग्रामीण स्तर तक सुलभ बनाने पर जोर दिया। बैठक में पोषाहार उत्पादन इकाई में हो रहे उत्पादन एवं भुगतान की स्थिति की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी भुगतान निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किए जाएं, जिससे कार्य में पारदर्शिता और गति बनी रहे। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति सिंह, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, डीसी एनआरएलएम प्रवीणा शुक्ला, डीईएसटीओ पन्नालाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

