बीसलपुर। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता की विजेता छात्राओं को सम्मानित करने के लिए शुक्रवार को भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्या एवं भाजपा जिलामंत्री रेनू राज मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के स्वागत के साथ हुआ। आचार्या कविता गंगवार ने रेनू राज को पटका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. रविशरण सिंह चैहान ने की।
मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और कला-कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। बाल वर्ग में प्रिया मिश्रा ने प्रथम, राशि ने द्वितीय और वर्षा पटेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। किशोर वर्ग में हर्षिता सिंह प्रथम, सलोनी द्वितीय तथा आदित्री तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं तरुण वर्ग में रिया ने प्रथम, अर्चना ने द्वितीय और शिवानी गंगवार ने तृतीय स्थान हासिल कर सराहना बटोरी।
मुख्य अतिथि रेनू राज ने विजेता छात्राओं को पुरस्कार प्रदान करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करती हैं और उनमें आत्मविश्वास विकसित करने में सहायक होती हैं। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर बालाजी गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या अर्चना चैहान, उपप्रधानाचार्य जनार्दन मिश्रा, वरिष्ठ आचार्य दिनेश पाल, भगत सिंह, अशोक पाण्डेय, नील कमल, प्रमोद कुमार, राजेश उपाध्याय, आलोक शुक्ला, श्रीधर शर्मा एवं मोहित रस्तोगी सहित विद्यालय परिवार के कई सदस्य उपस्थित रहे।

