पीलीभीत। शहर के अंगूरी देवी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित दस दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर का मंगलवार को उत्साह और उल्लास के माहौल में भव्य समापन हो गया। 15 मई से 25 मई 2026 तक चले इस शिविर में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला, रचनात्मकता तथा आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। शिविर के समापन समारोह में छात्राओं की प्रतिभा ने सभी का मन मोह लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय प्रबंध समिति की कोषाध्यक्षा अर्चना खण्डेलवाल एवं समिति सदस्या नेहा गुप्ता उपस्थित रहीं। विद्यालय की प्रधानाचार्या उपासना शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।ग्रीष्मकालीन शिविर के दौरान छात्राओं को विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया। मेहंदी कला का प्रशिक्षण नेहा गुप्ता द्वारा, मेकअप एवं केश सज्जा का प्रशिक्षण मुस्कान भारद्वाज द्वारा, ताइक्वांडो का प्रशिक्षण कुणाल श्रीवास्तव द्वारा तथा नृत्य प्रशिक्षण विशाल शर्मा ‘राजा’ द्वारा दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं ने न केवल नई कलाएं सीखीं बल्कि उनमें आत्मविश्वास और रचनात्मकता का भी विकास हुआ।
समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। मेहंदी प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं की छात्राओं ने आकर्षक डिजाइन बनाकर निर्णायकों को प्रभावित किया। षष्ठम की लक्ष्मी, नवम क की स्नेहा, दशम ख की आन्या और द्वादश क की अंशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं वैष्णवी, रिनी, भावना, सावित्री, समीक्षा और ईशिका ने द्वितीय स्थान हासिल किया। माही, अवनी, कल्पना, प्रजा और वैष्णवी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर सराहना बटोरी। सांतवना पुरस्कार काव्या, दीक्षा और तनु को प्रदान किया गया।मेकअप प्रतियोगिता में पावनी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सभी का ध्यान आकर्षित किया, जबकि हर्षिता द्वितीय और कशिश व मुस्कान तृतीय स्थान पर रहीं। केश सज्जा प्रतियोगिता में अनन्या श्रीवास्तव प्रथम, अंशिका वर्मा द्वितीय तथा रिया राजपूत तृतीय स्थान पर रहीं।
फैशन शो प्रतियोगिता छात्राओं के आत्मविश्वास और प्रस्तुति कौशल का विशेष आकर्षण रही। इसमें षष्ठम की सौम्या सक्सेना ने प्रथम, माही ने द्वितीय और आराध्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्राओं की आकर्षक प्रस्तुतियों पर उपस्थित अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।
ग्रुप डांस प्रतियोगिता में भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। अनाया एवं अंशी ग्रुप द्वारा प्रस्तुत “राधा गोरी-गोरी” नृत्य को प्रथम स्थान मिला। ईशानी और मेघा ग्रुप द्वारा प्रस्तुत मातृशक्ति को समर्पित नृत्य को द्वितीय तथा पावनी-हर्षिता ग्रुप के पंजाबी नृत्य को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
क्राफ्ट प्रतियोगिता में अष्टम की भूमि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नवम ख की प्राची गंगवार द्वितीय तथा अष्टम की सिमरन तृतीय स्थान पर रहीं। कौशिकी मौर्य को सांतवना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।मुख्य अतिथि अर्चना खण्डेलवाल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्राओं को निरंतर आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।विद्यालय की प्रधानाचार्या उपासना शर्मा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।कार्यक्रम का समापन सूक्ष्म जलपान वितरण एवं कल्याण मंत्र के साथ हुआ। पूरे समारोह के दौरान विद्यालय परिसर छात्राओं की ऊर्जा, उत्साह और रचनात्मकता से सराबोर नजर आया।

