बीसलपुर। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के पत्रकारों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. रवि शरण सिंह चैहान ने कहा कि वर्ष 1826 में पंडित जुगल किशोर शुक्ल द्वारा प्रकाशित ‘उदंत मार्तंड’ ने हिंदी पत्रकारिता की नींव रखी थी। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चैथा स्तंभ है और समाज को सही दिशा देने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्षता और गरिमा बनाए रखते हुए समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही बालाजी गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या अर्चना चैहान ने कहा कि पत्रकार समाज के सजग प्रहरी हैं, जो आम लोगों की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का साहसिक कार्य करते हैं। ऐसे लोगों का सम्मान समाज का दायित्व है।समारोह में मृदुल किशोर त्रिगुणित, सत्यवान अवस्थी, मनोज पाठक, महिपाल गंगवार, जितेंद्र गंगवार, पातीराम गंगवार, सत्येंद्र गंगवार और सारिक शेख सहित अनेक पत्रकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में आलोक शुक्ला और नितिन अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।
