बीसलपुर। केंद्र में भारतीय जनता पार्टी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बीसलपुर क्षेत्र में प्रचार रथ निकालकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार किया। इस दौरान ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पार्टी से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया गया।
बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग स्थित भाजपा कैंप कार्यालय से प्रचार रथ को भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य एवं जिला उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया है और अनेक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाया है।
जिला उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रचार रथ का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता डॉ. डी.पी. गंगवार ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है तथा गरीब और वंचित वर्गों को न्याय और सम्मान मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान “तेल बचाओ, देश बचाओ” अभियान के तहत ऊर्जा संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यकर्ताओं ने लोगों से ईंधन की बचत करने और ऊर्जा संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।प्रचार रथ जसोली, दिवाली, परसिया सहित क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों में पहुंचा। इस अवसर पर नागेंद्र गंगवार, शेखर शुक्ला, उमाकांत, हजारीलाल, राजेश गंगवार, अशोक शर्मा, रामप्रताप, गोपाल, मुनेंद्र पाल, हरपाल, मुन्नालाल, नंदराम वर्मा, नरेश पाल, बृजेश शुक्ला, हरिओम, संजीव मौर्य, राजेंद्र देव भारती, सत्यवीर मिश्रा, वीर देव शर्मा, अंशुल तथा राजीव गंगवार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
