सुलतानपुर। पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए मंगलवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया। इस दौरान समस्त क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे और शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सीधे सुना।जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त होने वाली हर शिकायत का मौके पर स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने तकनीक के अधिक से अधिक उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि वर्चुअल कनेक्टिविटी के जरिए अब शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही संभव हो रही है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि शिकायत मिलते ही संबंधित पक्ष को बुलाकर और घटनास्थल का निरीक्षण कर समस्या का समाधान किया जाए। उन्होंने साफ कहा कि लंबित शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें जल्द से जल्द निपटाया जाए। इस जनसुनवाई में विभिन्न थानों से आए शिकायतकर्ताओं ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें मुख्य रूप से संपत्ति विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, साइबर फ्रॉड और पुलिस सहायता संबंधी शिकायतें शामिल थीं। हर शिकायत को दर्ज कर संबंधित अधिकारी को तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी माध्यमों से जनता की समस्याओं का तेजी से निस्तारण किया जा सकता है। वर्चुअल जनसुनवाई इस दिशा में एक सकारात्मक कदम है, जिससे समय की बचत के साथ-साथ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई जा सके।
जनसुनवाई के बाद पुलिस मीडिया सेल ने बताया कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि वे बिना किसी भय के थाने या वरिष्ठ अधिकारियों तक अपनी समस्याएं पहुंचाएं।

