आगरा। स्मार्ट एनजीओ के तत्वावधान एवं ब्रजवाणी कम्युनिटी रेडियो के सहयोग से संचालित कार्यक्रम ष्सेहत सही, लाभ कईष् के अंतर्गत विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर व्यसन मुक्ति चित्र प्रदर्शनी एवं जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्माकुमारीज, ब्रजवाणी कम्युनिटी रेडियो एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन स्टेशन डायरेक्टर संतोष कुमार त्रिपाठी एवं ब्रह्माकुमारीज आगरा जोन की सह-प्रभारी बीके अश्विना दीदी ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर बीके अश्विना दीदी ने कहा कि दैवी संस्कृति में तंबाकू एवं धूम्रपान जैसी तामसिक वस्तुओं का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि तंबाकू के सेवन से उत्पन्न गंभीर बीमारियों के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, इसलिए समाज को इस बुराई से मुक्त करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
संस्था के मीडिया समन्वयक बीके अमर भाई ने कहा कि तंबाकू और धूम्रपान जैसी आदतें समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी हैं। उन्होंने लोगों से व्यसनमुक्त जीवन अपनाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों एवं तंबाकू उपभोक्ताओं की काउंसलिंग की गई तथा उन्हें तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करते हुए शपथ दिलाई गई कि वे स्वयं तंबाकू का सेवन नहीं करेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी तंबाकू मुक्त जीवन शैली अपनाने के लिए जागरूक करेंगे।
अभियान के अंतर्गत तंबाकू मुक्त जीवन शैली अपनाने के लिए अनेक संकल्प पत्र भी भरवाए गए। इसके साथ ही निशुल्क निरापद औषधि वितरण एवं परामर्श शिविर का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. के.के. कुशरेष्ठ, डॉ. प्रशांत गुप्ता, डॉ. निरंजन सिंघल, केपी हॉस्पिटल की भावना गुलाटी, सीएमओ कार्यालय से काउंसलर पूजा कुलश्रेष्ठ, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन तथा ब्रजवाणी कम्युनिटी रेडियो से राखी त्यागी सहित बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारीज के भाई-बहनों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के लिए जनजागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को स्वस्थ, सकारात्मक एवं व्यसनमुक्त जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
