Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीतः कांग्रेस का भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार, भ्रष्टाचार और संवेदनहीनता के लगाए गंभीर आरोप! महोबा कांड, अयोध्या विकास, टोरंटो बिजली कंपनी और सरकारी नीतियों को लेकर कांग्रेस ने खोला मोर्चा


पीलीभीत। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के आवाहन पर जिला शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा शहर के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा गया। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार के मंत्रियों और विधायकों पर भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग और संवेदनहीन रवैये के गंभीर आरोप लगाए। प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी लगातार जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है और आगे भी भ्रष्टाचार तथा अन्याय के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता हेमंत मिश्रा एडवोकेट ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और सरकार केवल राजनीतिक विरोधियों को दबाने में लगी हुई है। उन्होंने महोबा की दलित छात्रा के साथ हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि छात्रा का अपहरण कर उसे 16 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। इतना गंभीर मामला होने के बावजूद सरकार का कोई मंत्री या जिम्मेदार जनप्रतिनिधि पीड़िता के घर तक नहीं पहुंचा। कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि सरकार ने इस मामले में संवेदनशीलता दिखाने के बजाय राजनीतिक बचाव करने का काम किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय जब पीड़िता का दुख साझा करने और परिवार को सांत्वना देने महोबा जा रहे थे, तब प्रशासन और सरकार ने उन्हें रोकने के हरसंभव प्रयास किए। इसके बावजूद अजय राय पीड़िता के घर पहुंचे और परिवार का हालचाल जाना। हेमंत मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस नेताओं के मानवीय कार्यों से इतनी परेशान हो गई कि प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन शुरू करा दिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के मंत्री और विधायक भी विरोध में उतर आए, जो सरकार की बौखलाहट को दर्शाता है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा अजय राय की संपत्ति की जांच की मांग करना हास्यास्पद है, क्योंकि उनका सार्वजनिक जीवन पूरी तरह पारदर्शी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता जनता के बीच रहते हैं और उनकी राजनीतिक यात्रा खुली किताब की तरह है। दूसरी ओर भाजपा सरकार के मंत्री और विधायक भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में घिरे हुए हैं।

हेमंत मिश्रा ने आगरा नगर निगम द्वारा निजी बिजली कंपनी टोरंटो का लगभग 430 करोड़ रुपये माफ किए जाने के मामले को भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार बड़े उद्योगपतियों और पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हजारों करोड़ रुपये की राहत देकर भाजपा ने पूंजीपतियों से राजनीतिक लाभ लेने की नीति अपनाई है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा की “काम लो और चंदा दो” नीति अब जनता के सामने उजागर हो चुकी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार केंद्रीय एजेंसियों जैसे ईडी और आयकर विभाग का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने और वसूली के हथियार के रूप में कर रही है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक स्थिति है। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की बात करती है, लेकिन अपने ही मंत्रियों और विधायकों की संपत्ति और कार्यशैली की जांच कराने से बचती है।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास योजनाओं के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि मिड-डे मील योजना से लेकर सड़क निर्माण, अस्पतालों में दवाइयों की खरीद, मनरेगा और अन्य सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार चरम पर है। कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में विकास कार्यों और मंदिर से जुड़े मामलों में भी भारी अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर धन उगाही और भ्रष्टाचार के आरोप अब जनता के बीच चर्चा का विषय बन चुके हैं।

हेमंत मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार जनता के मुद्दों को उठाने का काम कर रहे हैं और पार्टी सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता एवं सुचिता की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी जांच एजेंसी से जांच कराने को तैयार है, लेकिन शर्त यह है कि भाजपा सरकार के मंत्रियों और विधायकों की भी उसी एजेंसी से निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि निष्पक्ष जांच हो जाए तो प्रदेश में बीते नौ वर्षों में हुए कथित भ्रष्टाचार और घोटालों की सच्चाई जनता के सामने आ जाएगी।

प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग, विपक्ष की आवाज दबाने और जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी और भ्रष्टाचार तथा अन्याय के खिलाफ आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में शहर अध्यक्ष श्रीकृष्ण गंगवार, जिला महासचिव नरेश शुक्ला, ईश्वर दयाल पासवान, यूसुफ मलिक, अभिनव गुप्ता गोल्डी, छात्र कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |