गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने एवं क्षेत्रवासियों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक श्री राकेश प्रताप सिंह ने आज क्षेत्र के विभिन्न नवनिर्मित संपर्क मार्गों एवं विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर विधायक श्री राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि गौरीगंज विधानसभा में विकास कार्य निरंतर गति से संचालित हैं और प्रदेश सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, जनसुविधाओं एवं समग्र उन्नति के नए मानक स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क किसी भी क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक एवं संरचनात्मक विकास की रीढ़ होता है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों को बेहतर संपर्क मार्गों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा, समय की बचत एवं क्षेत्रीय विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
लोकार्पित परियोजनाओं में प्रमुख रूप से —
- लोक निर्माण विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा कृषि विपणन सुविधाओं के योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2025 - 26 में, मुसाफिरखाना में स्वीकृत सड़क - राजस्व ग्राम मानशाहपुर के मजरे पूरे हरदत्त पाण्डेय संपर्क मार्ग के नवनिर्माण कार्य की लम्बाई 1.05 किमी एवं लागत 79.49 लाख रुपए है।
- लोक निर्माण विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा राज्य सड़क निधि योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2025 - 26 में, विकासखंड मुसाफिरखाना में स्वीकृत सड़क - पूरे पहलवानपुर शक्ति बाबा से प्राथमिक पाठशाला दादरा तक संपर्क मार्ग के नवनिर्माण कार्य की लम्बाई 2.03 किमी एवं लागत 159.26 लाख रुपए है। लोक निर्माण विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा राज्य सड़क निधि योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2025 - 26 में, कादूनाला थौरी मार्ग से राम निहाल दूबे का पुरवा तक संपर्क मार्ग, के नवनिर्माण कार्य की लम्बाई 1.250 किमी एवं लागत 92.94 लाख रुपए है।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, सम्मानित नागरिकगण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे तथा क्षेत्र के विकास कार्यों के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की।

