लंभुआ/सुल्तानपुर। लेखपाल संघ उप शाखा लंभुआ ने मंगलवार को लंबित विभिन्न मांगो पर कार्यवाही न होने पर अपने ऐलान के मुताबिक अतिरिक्त क्षेत्रों का कार्यभार छोड़ दिया। तहसील के सभी लेखपालों ने अतिरिक्त चार्ज वाले गांवों का बस्ता तहसील कार्यालय लंभुआ में जमा कर दिया।
संघ ने 8 मई को डीएम सुल्तानपुर को ज्ञापन देकर 16 मई तक लंबित विभिन्न समस्याओं के निस्तारण की मांग की थी। समाधान न होने पर 19 मई को अतिरिक्त चार्ज छोड़ने की चेतावनी दी गई थी। आज लेखपालों ने उसी क्रम में अतिरिक्त चार्ज छोड़ते हुए बस्ता वापस तहसील कार्यालय में जमा कर दिया।
इस कदम से तहसील के दर्जनों गांवों में राजस्व कार्य ठप हो जाएगा। वरासत, पैमाइश, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र सत्यापन, समाधान दिवस, किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री जैसे काम प्रभावित होंगे। लंभुआ तहसील क्षेत्र में 104 क्षेत्र के सापेक्ष मात्र 42 लेखपाल होने से एक-एक लेखपाल 2-3 क्षेत्रों का काम करना पड़ रहा था,लेखपाल संघ ने लंभुआ तहसील के 62 क्षेत्रों का अतिरिक्त चार्ज छोड़कर बस्ता तहसील कार्यालय में जमा कर दिया है।
तहसील अध्यक्ष बलराम सिंह ने बताया कि यह फैसला जिलाशाखा सुल्तानपुर के निर्देश पर की गई है। जब तक स्टाफ की कमी दूर नहीं होती और लंबित भुगतान नहीं मिलता,लेखपाल केवल मूल चार्ज पर ही कार्य करेंगे।
बस्ता जमा होने के बाद तहसील प्रशासन में हड़कंप है। एसडीएम कार्यालय ने वैकल्पिक व्यवस्था के लिए मंथन शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जनता के काम न रुकें, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। शासन को भी स्थिति से अवगत कराया गया है। इस मौके पर जिला महामंत्री रिंकू पाल,तहसील मंत्री संदीप वर्मा,उपमंत्री स्वयं प्रकाश,कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश,ऑडिटर रवि अग्रहरि, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेश समेत कई लेखपाल मौजूद रहे।

