पीलीभीतः नदी कटाव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, ब्रह्मचारी घाट के सौंदर्यीकरण के दिए निर्देश! राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने अधिकारियों संग किया स्थलीय दौरा, बाढ़ से बचाव को लेकर सतर्क रहने के निर्देश
May 17, 2026
पीलीभीत। बाढ़ की संभावित स्थिति एवं नदी कटाव से प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से प्रदेश के राज्यमंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें उव प्रव संजय सिंह गंगवार ने रविवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के साथ नावकुड एवं बेरीखेड़ा गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नदी कटाव से प्रभावित क्षेत्रों का बारीकी से अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।राज्यमंत्री ने कटाव प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर वहां की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली तथा ग्रामीणों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बाढ़ एवं नदी कटाव से गांवों को सुरक्षित रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या नुकसान की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा और संभावित खतरे वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राज्यमंत्री को कटाव रोकने हेतु किए जा रहे कार्यों एवं प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी। इस पर राज्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा आपदा से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी जाएं।इसके उपरांत राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने प्रसिद्ध ब्रह्मचारी घाट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने घाट क्षेत्र में नदी के जलस्तर, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान घाट की स्थिति को बेहतर बनाने, निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा सौंदर्यीकरण संबंधी आवश्यक कार्य कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने कहा कि ब्रह्मचारी घाट क्षेत्र धार्मिक एवं सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है, इसलिए यहां बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।राज्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा साफ-सफाई की व्यवस्था नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नगर पालिका एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर, नायब तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

