पीलीभीत। सरकार की पारदर्शी कार्यशैली और डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जनपद की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरित किए गए। बाल विकास विभाग में तैनात कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन उपलब्ध कराने की सरकार की घोषणा को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के मंत्री जितिन प्रसाद एवं प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने अपने करकमलों से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन वितरित किए।कार्यक्रम में बताया गया कि प्रदेश भर की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले मोबाइल फोन खरीदना सरकार के लिए एक बड़ा मिशन था, जिसे पूरी सफलता के साथ पूरा किया गया। वितरित किए गए स्मार्टफोन 5ळ नेटवर्क और बेहतर कैमरा गुणवत्ता से लैस हैं, जिससे कार्यकत्रियां पोषण ट्रैकर सहित विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं का कार्य आसानी से कर सकेंगी।
मंत्रियों ने कहा कि अब कार्यकत्रियों को शासकीय कार्यक्रमों और गतिविधियों की फोटो भेजने के लिए किसी अन्य पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। वे अपने मोबाइल से कार्यक्रमों की तस्वीरें तुरंत परियोजना और जिला स्तर के अधिकारियों तक भेज सकेंगी। इससे विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और तेजी आएगी।
जनपद में कुल 1985 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरित किए जाने हैं। कार्यक्रम में प्रत्येक परियोजना से चयनित कार्यकत्रियों को आमंत्रित कर मोबाइल प्रदान किए गए। मंच से सावित्री देवी, पूनम, चंद्र देवी, राजेश्वरी देवी, ममता देवी, मंजू जैन, सविता, संगीता तथा मुख्य सेविका रुचि सहित कई कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन वितरित किए गए।
मोबाइल वितरण कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, पूर्व विधायक किशनलाल राजपूत, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी युगल किशोर सांगुड़ी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

