लखनऊः इटौंजा हाइवे पर ऑटो को डंपर ने मारी पीछे से जोरदार टक्कर,चालक की दर्दनाक मौत,डंपर फरार
May 15, 2026
लखनऊ। लखनऊ कमिश्नरेट उत्तरी जोन इटौंजा थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ सीतापुर हाईवे अर्जुनपुर के आगे बाबा पूर्व मोड़ के पास आज गुरुवार रात करीब 10 बजे के समय ऑटो रिक्शा चालक को हाईवे पर पीछे से आ रहे अज्ञात डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी जिसमें की युवक विनोद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।जिसके बाद डंपर चालक वाहन सहित फरार हो गया। वहीं मृतक की पहचान (40) वर्षीय विनोद कुमार के रूप में हुई है, जोकि ग्राम पंचायत अकड़रिया कलां मजरा हीरा पुरवा के निवासी थे। विनोद कुमार अपने निजी ऑटो रिक्शा से दिन भर काम करने के बाद रात करीब 10 बजे पत्नी का फोन आने के बाद अपनी सास को देखने सिंह अस्पताल बेहड़ा चक्की बीकेटी जा रहे थे। तभी यह घटना हुई, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने विनोद कुमार के ऑटो रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही इटौंजा पुलिस मौके पर पहुंची, पुलिस ने देखा कि चालक की पहले ही मौत हो चुकी थी,पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई। वहीं मृतक के पिता मैकू लाल की तहरीर पर इटौंजा थाने में अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया हैं। पुलिस फरार डंपर और उसके चालक की पहचान व गिरफ्तारी के लिए आसपास लगें सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

