कर्नाटक के ऐतिहासिक बादामी स्मारक में चप्पल को लेकर विवाद, पर्यटक और स्टाफ के बीच तीखी बहस
May 19, 2026
कर्नाटक के बागलकोट जिले के बादामी में स्थित ऐतिहासिक मेनाबसिदी स्मारक में एक विवाद सामने आया है. यहां एक पर्यटक महिला और पुरातत्व विभाग की कर्मचारी के बीच चप्पल पहनकर स्मारक परिसर में प्रवेश करने को लेकर तीखी बहस हो गई. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि पर्यटक महिला पुरातत्व विभाग की कर्मचारी रोशिनी मुस्ताफी से सवाल कर रही है. महिला का कहना था कि ऐतिहासिक स्मारक और मंदिर परिसर के अंदर चप्पल पहनकर जाना नियमों के खिलाफ है. उसने इस बात पर आपत्ति जताई और मौके पर मौजूद दूसरे अधिकारियों को बुलाने की मांग भी की
बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक दूसरी युवती को भी मंदिर परिसर के अंदर चप्पल पहनकर बैठे देखा गया. इस घटना के बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं और पर्यटकों में नाराजगी बढ़ गई. आरोप है कि संबंधित कर्मचारी ने खुद को विभाग का स्टाफ बताते हुए पर्यटक महिला से अभद्र तरीके से बात की. वीडियो में दोनों के बीच बहस काफी तेज होती दिखाई दे रही है
यह घटना बादामी के प्रसिद्ध ऐतिहासिक क्षेत्र में हुई, जो चालुक्य काल के प्राचीन मंदिरों और गुफाओं के लिए जाना जाता है. यहां हर साल बड़ी संख्या में देश और विदेश से पर्यटक घूमने आते हैं. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग इस मामले पर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कुछ लोगों का कहना है कि धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की मर्यादा का पालन सभी को करना चाहिए, जबकि कुछ लोग स्टाफ के व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं. फिलहाल इस मामले को लेकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

