अमेठीः युवक ने खाया जहरीला पदार्थ, जिला अस्पताल रेफर
May 30, 2026
अमेठी । कोतवाली क्षेत्र में एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। जहरीली दवा खाने के बाद युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल अमेठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने युवक का प्राथमिक उपचार किया और हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, अमेठी कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी राजेश पुत्र हरिश्चंद ने बीती रात किसी बात से नाराज होकर चूहे मारने की दवा खा ली। जहरीला पदार्थ खाने के कुछ देर बाद ही युवक की हालत बिगड़ने लगी। युवक की तबीयत खराब होते देख परिजनों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी पहुंचाया गया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार शुरू किया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए युवक को 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. सौरभ सिंह ने बताया कि युवक द्वारा किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया गया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में युवक का प्राथमिक उपचार किया गया है तथा बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। फिलहाल युवक की हालत पर डॉक्टरों की निगरानी रखी जा रही है।
