प्रतापगढ़/बाबागंज। बीते बुधवार आए भीषण आंधी-तूफान ने महेशगंज थाना क्षेत्र के सराय स्वामी गांव में एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज तूफान के दौरान दीवार गिरने से दबकर ग्रामीण शिवभूषण उर्फ मुन्नू पांडेय की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के बाद शुक्रवार को प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह और जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
करीब ढाई बजे गांव पहुंचे प्रभारी मंत्री और डीएम ने मृतक के पुत्र ऋषिकेश पांडेय को चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और चार लाख रुपये की राहत राशि के अतिरिक्त पांच लाख रुपये और दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया।
जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों का हालचाल लिया। डीएम के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने क्षेत्र की बिजली व्यवस्था और सड़क पर ब्रेकर की समस्या उठाई, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। साथ ही डीएसओ को निर्देशित किया कि मृतक परिवार को क्रियाकर्म के लिए तत्काल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।
गौरतलब है कि बुधवार को आए तेज तूफान के दौरान शिवभूषण उर्फ मुन्नू पांडेय के ऊपर अचानक दीवार भरभराकर गिर गई थी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। इसी तरह बाघराय थाना क्षेत्र के नारंगपुर गांव की रहने वाली राजेन्द्र शर्मा की पत्नी शान्ति देवी की भी दीवार गिरने से मौत हो गई थी। डीएम और प्रभारी मंत्री ने वहां भी पहुँचकर मृतक परिजनों को सहायता राशि सौंपी।
इस मौके पर एसडीएम कुंडा वाचस्पति सिंह, नायब तहसीलदार बाबागंज लालमणि सरोज, राजस्व निरीक्षक हरिशंकर तिवारी, लेखपाल रिंकू सरोज, पंचायत सचिव सुनील सरोज, भाजपा नेता अभय प्रताप सिंह, हीरागंज नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि उदय शंकर पांडेय, प्रधान प्रतिनिधि राहुल पांडेय समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सुरक्षा की दृष्टिकोण से एसओ महेशगंज संदीप कुमार तिवारी भी मय फोर्स उपस्थित रहे।

.jpg)